पालघर (ब्यूरो रिपोर्ट): पालघर जिले में वधावण बंदर परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण मुआवजे में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में बोईसर पुलिस थाने में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिर्यादी किसान की जमीन वधावण बंदर परियोजना के लिए सरकार द्वारा अधिग्रहित की गई थी, जिसके बदले करोड़ों रुपये का मुआवजा मंजूर किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने किसान का विश्वास जीतकर जल्दी मुआवजा राशि दिलाने का झांसा दिया और बैंक दस्तावेजों व डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर पूरी रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करते हुए बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पालघर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन मुआवजा, सरकारी योजनाओं या बैंकिंग कार्यों के लिए किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें। अपने बैंक दस्तावेज, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
फिलहाल बोईसर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
पालघर: वधावण बंदर परियोजना में जमीन मुआवजा घोटाला, बोईसर पुलिस थाने में दर्ज हुआ मामला |
By Radha Singh
May 28, 2026 4:10 PM
---Advertisement---







