मुंबई: ज्ञानोदय एजुकेशन ट्रस्ट के प्रबंध निदेशक अरुण रामकृष्ण वर्मा ने मुंबई में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। इंडियाज़ इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (I.I.M.U.N.) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। ट्रस्ट के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण रहा।
संस्कृति, शिक्षा और भारत पर केंद्रित रही चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने ‘संस्कृति, शिक्षा और भारत’ विषय पर विस्तार से बात की। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और युवाओं के समग्र विकास की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। शिक्षा जगत के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने उनके इन विचारों को ध्यान से सुना।
देशभर के शिक्षाविदों ने ली भागीदारी
इस विशेष आयोजन में देशभर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के संस्थापक, प्रबंधक, निदेशक और प्राचार्य मौजूद रहे। मुख्य भाषण के बाद शिक्षाविदों और संस्थान प्रमुखों के साथ एक संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा के भविष्य और क्षेत्र की चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
संस्था के लिए गर्व का विषय
ज्ञानोदय एजुकेशन ट्रस्ट के लिए इस प्रतिष्ठित मंच पर आमंत्रित होना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। ट्रस्ट प्रबंधन ने I.I.M.U.N. के इस सम्मानजनक आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही, मूल्याधारित शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया है।







