पालघर:
मौसम की मार और प्राकृतिक आपदाओं के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे पालघर जिले के अन्नदाताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026’ के तहत जिले के 5,169 पात्र किसानों का 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा यह धनराशि मंजूर कर जिले को भेज दी गई है, जिसे सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा।
2 लाख रुपये तक का फसल ऋण होगा माफ
योजना के मापदंडों के अनुसार, जिन पात्र किसानों का 30 सितंबर 2025 तक का फसल ऋण बकाया था और वे 31 मार्च 2026 तक कर्ज का भुगतान करने में असमर्थ रहे हैं, उन्हें अधिकतम 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी दी जा रही है। कर्ज चुकता होने के बाद संबंधित बैंकों द्वारा किसानों को ‘बकाया रहित प्रमाणपत्र’ (No Dues Certificate) जारी किया जाएगा।
ईमानदार किसानों को ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि
सरकार ने संकटग्रस्त किसानों को राहत देने के साथ-साथ समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों का भी ध्यान रखा है। नियमित रूप से लोन की किस्तें भरने वाले पात्र किसानों को प्रोत्साहन के तौर पर 50,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
किन-किन बैंकों के कर्ज होंगे शामिल?
यह योजना राष्ट्रीयकृत बैंकों, निजी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) और जिला मध्यवर्ती सहकारी (DCCB) बैंकों से लिए गए फसल ऋणों पर लागू होगी। इसके अलावा प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (PACS) के माध्यम से लिए गए पात्र ऋणों को भी इसमें शामिल किया गया है। राशि जमा होते ही किसान पूरी तरह कर्जमुक्त हो सकेंगे।











