मुंबई। दक्षिण मुंबई के लोहार चाल, मंगलदास रोड, झवेरी बाजार और आसपास के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और जर्जर बिजली पोलों को लेकर शिवसेना युवा व्यापारी आघाड़ी ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने बीएमसी प्रशासन से इन समस्याओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
सुरक्षा को लेकर मंडरा रहा गंभीर खतरा
शिवसेना युवा व्यापारी आघाड़ी के विभाग प्रमुख अभिजीत दादा चव्हाण ने बीएमसी के ‘सी’ वार्ड के सहायक आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि महानगरपालिका द्वारा सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत लगाई गई कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके अलावा, कई बिजली के पोल जर्जर हो चुके हैं। खुले विद्युत तारों के कारण स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
ज्ञापन की प्रतियां BEST प्रशासन, एल. टी. मार्ग पुलिस थाने और कालबादेवी ट्रैफिक विभाग को भी भेजी गई हैं। इसमें मांग की गई है कि बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू किया जाए। साथ ही, जर्जर पोलों और बिजली व्यवस्था की मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा, पूरे प्रकल्प का सुरक्षा ऑडिट कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है।
भविष्य की दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी
अभिजीत दादा चव्हाण ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना, जनहानि या आर्थिक नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित महानगरपालिका प्रशासन और अधिकारियों की होगी। वहीं, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी मांग की है कि व्यस्त बाजार क्षेत्रों में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।







