कल्याण। कल्याण फाटा परिसर स्थित गोठेघर में एक टायर के गोदाम में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं के काले गुब्बार दिखाई देने लगे। अग्निशमन दल की कई गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, कूलिंग का काम अभी भी जारी है।
दोपहर में लगी आग, देखते ही देखते विकराल रूप धारा
अग्निशमन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जून मंगलवार को दोपहर के समय एक जागरूक नागरिक ने फोन करके आग लगने की सूचना दी। कल्याण फाटा स्थित गोठेघर सड़क के किनारे मौजूद टायर के गोदाम और कचरे में आग लग गई थी। सूचना मिलते ही शिलफाटा परिसर से दो फायर वाहन और पांच कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। लेकिन टायर के गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं के काले गुब्बार आसमान में फैल गए और आगे की सड़क पूरी तरह अंधकार में डूब गई।
पनवेल और नवी मुंबई से मंगाई अतिरिक्त फायर गाड़ियां
आग की तीव्रता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने पनवेल और नवी मुंबई से चार अतिरिक्त फायर वाहन और अधिकारियों को बुलाया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टायर के गोदाम में लगी आग के कारण कूलिंग करने में काफी समय लगने की संभावना है।
कोई हताहत नहीं, आग लगने के कारणों की जांच जारी
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग किन कारणों से लगी, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पाई है और जांच जारी है। घटना के दौरान ट्रैफिक विभाग के कर्मचारी, टोरेंट पावर के अधिकारी और शील डायगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम पॉल अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। ट्रैफिक विभाग और शील पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और काफी देर बाधित रहने के बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक को बहाल किया गया।







