मिरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की काशिमिरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगीन अपराध में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अख्तर कासमअली मर्चेंट को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे से हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही गैर-जमानती वारंट (NBW) और इंटरनेशनल पुलिस द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी किया गया था।
पिस्तौल दिखाकर गोली चलाने का है मामला
काशिमिरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामला (गु.र.क्र. 700/2023) 13 अक्टूबर 2023 का है। मीरा रोड (पूर्व) स्थित इंटरनेशनल बेकिंग कंपनी के पास एक सिरफिरे ने पिस्तौल दिखाकर गोली चलाने का प्रयास किया था। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाला, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान पुख्ता हुई थी।
MCOCA और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं दर्ज
जांच में मुख्य भूमिका सामने आने के बाद अख्तर मर्चेंट पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 381, 386, 120(B), 34, आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (MCOC Act) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। लगातार गिरफ्तारी से बचने के कारण उसके खिलाफ कोर्ट से NBW और RCN जारी कराया गया था।
पटियाला हाउस कोर्ट ने दी 22 अगस्त तक की ट्रांजिट रिमांड
17 अगस्त को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी को इंटरसेप्ट कर काशिमिरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद काशिमिरा पुलिस के API योगेश काळे ने आरोपी को नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। अदालत ने पुलिस की याचिका को स्वीकार करते हुए आरोपी की 22 अगस्त तक यानी 5 दिनों की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।
विशेष MCOC कोर्ट ठाणे में पेश करेगी पुलिस
काशिमिरा पुलिस की टीम अब आरोपी अख्तर मर्चेंट को लेकर महाराष्ट्र रवाना हो रही है, जहां उसे ठाणे स्थित विशेष MCOC अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस आपराधिक षड्यंत्र में शामिल अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।











