---Advertisement---

चातुर्मास 2026: आत्मिक और आध्यात्मिक उत्थान का स्वर्णिम अवसर, जानें इसका महत्व और नियम |

July 27, 2026 3:03 PM
---Advertisement---

विशेष आलेख (डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा): चातुर्मास केवल चार महीनों की अवधि मात्र नहीं है, बल्कि यह आत्म-जागरण, आत्म-शुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का एक अनुपम अवसर है। भारतीय संस्कृति और जैन दर्शन में इन चार महीनों का विशेष महत्व माना गया है। यह वह समय है जब मनुष्य बाहरी संसार के कोलाहल से थोड़ा विराम लेकर अपने अंतर्मन की यात्रा करता है और स्वयं को परमात्मा से जोड़ने का प्रयास करता है।

चातुर्मास का प्रारंभ और धार्मिक महत्व

चातुर्मास की शुरुआत आषाढ़ पूर्णिमा से होती है, जिसे गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी (देवशयनी एकादशी) से भगवान विष्णु योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी (देवोत्थान एकादशी) को जागृत होते हैं। इसी कारण इन चार महीनों में विवाह आदि शुभ व मांगलिक कार्य स्थगित रखे जाते हैं, ताकि व्यक्ति बाहरी उत्सवों की बजाय ‘आत्मोत्सव’ पर ध्यान केंद्रित कर सके।

जैन परंपरा और चातुर्मास का आध्यात्मिक प्रशिक्षण

जैन धर्म में चातुर्मास का महत्व अत्यंत विशिष्ट है। पर्युषण महापर्व, संवत्सरी और क्षमायाचना जैसे पावन अवसर इन्हीं महीनों में आते हैं। चातुर्मास को आत्मा को तपाने और माँजने का ‘आध्यात्मिक प्रशिक्षण काल’ माना गया है। वर्षा ऋतु में असंख्य सूक्ष्म जीवों की उत्पत्ति होती है, इसलिए अहिंसा के पालन हेतु जैन साधु-साध्वियाँ एक ही स्थान पर ‘वर्षायोग’ की स्थापना कर प्रवास करते हैं और समाज को धर्म, संयम तथा सदाचार की प्रेरणा देते हैं।

पौराणिक संदर्भ और इतिहास में चातुर्मास का प्रभाव

जैन आगमों में उल्लेख मिलता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भगवान नेमिनाथ के समक्ष चातुर्मास के दौरान द्वारका में रहकर धर्मध्यान करने का संकल्प लिया था। वहीं गुजरात के राजा कुमारपाल ने आचार्य श्री हेमचंद्राचार्य के सामने प्रतिज्ञा की थी कि वे चातुर्मास में पाटण छोड़कर नहीं जाएंगे। उनके राज्य में अहिंसा का इतना पालन होता था कि पशुओं तक को छाना हुआ जल पिलाया जाता था।

श्रावकों के लिए नौ शुद्ध आचरण

जैन आगमों के अनुसार चातुर्मास के दौरान गृहस्थों (श्रावक-श्राविकाओं) के लिए नौ विशेष आचरण बताए गए हैं:

  • सामायिक एवं प्रतिक्रमण
  • आवश्यक क्रियाएँ
  • पौषध व्रत
  • देवपूजन
  • स्नात्र पूजा
  • ब्रह्मचर्य पालन
  • धर्मक्रिया
  • दान
  • तपस्या

क्यों आवश्यक है चातुर्मास?

चातुर्मास हमें ‘अहं से अर्ह’ और ‘हिंसा से अहिंसा’ की ओर बढ़ने का संदेश देता है। यह समय स्वाध्याय, साधना, ध्यान, जीवदया और आत्मचिंतन के माध्यम से अपने भीतर छिपे दिव्य स्वरूप को पहचानने का है। वास्तव में, चातुर्मास आत्मा का वसंत है जो जीवन को सद्मार्ग और परम आनंद की ओर ले जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment