रायगढ़/अलीबाग, 15 जून: पनवेल स्थित पीएमश्री रायगढ़ जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, वहाळ में आयोजित स्कूल प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान एक बेहद अनोखा और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इंटरव्यू विद्यालय की चौथी कक्षा की एक छात्रा ने लिया। छात्रा ने शिक्षा, सामाजिक कार्य और डिजिटल युग में आ रहे बदलावों को लेकर मुख्यमंत्री से कई सवाल पूछे, जिनका जवाब उन्होंने बेहद सहज और प्रेरक अंदाज में दिया।
छात्र जीवन से शुरू हुआ सामाजिक और राजनीतिक सफर
अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया, और यहीं से उनका सामाजिक और राजनीतिक सफर शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए संघर्ष आवश्यक है, लेकिन निरंतर प्रयास से सफलता जरूर मिलती है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बी. आर. अंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
डिजिटल शिक्षा को बताया समय की आवश्यकता
डिजिटल शिक्षा पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज की समय की आवश्यकता बन चुकी है और यह भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार होगी। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में स्थापित ‘आइडियल सेंटर लैब’ का उद्घाटन किया और इसका निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल लैब के जरिए विद्यार्थियों को ऑडियो-वीडियो तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षण सुविधा मिलेगी। साथ ही ऑनलाइन अध्ययन, स्वमूल्यांकन और प्रश्नोत्तर जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
नए छात्रों का पारंपरिक तरीके से किया गया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से डिजिटल लैब का नियमित उपयोग करने और अपने ज्ञान, कौशल तथा आत्मविश्वास को बढ़ाने का आग्रह किया।
छात्रों में दिखा विशेष उत्साह
मुख्यमंत्री से सीधे संवाद और उनका इंटरव्यू लेने का अवसर मिलने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्रा द्वारा लिया गया इंटरव्यू और मुख्यमंत्री का प्रेरणादायी संदेश इस स्कूल प्रवेशोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बना रहा।






