वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ लोक भवन, लखनऊ में संपन्न हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक सहजता से पहुंचाना है।
लखनऊ में हुआ चैनल का उद्घाटन
सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने 18 जून को लखनऊ में इस चैनल का शुभारंभ किया। इस विशेष अवसर पर फिल्म निर्माता अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय तथा सूचना विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सरकार की योजनाओं की मिलेगी प्रमाणिक जानकारी
“सूचना प्रवाह” उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है। इस चैनल के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों और शासन की विभिन्न पहलों से संबंधित प्रमाणिक व तथ्यपरक जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा, विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट्स, प्रेरणादायी वीडियो और सरकारी अभियानों का भी नियमित प्रसारण इसी मंच पर किया जाएगा।
सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु साबित होगा चैनल
इस अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि “सूचना प्रवाह” यूट्यूब चैनल सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त सेतु सिद्ध होगा। इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकारी योजनाओं और नीतियों की विश्वसनीय जानकारी सरल और आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक से जनसंचार के नए आयाम
वाराणसी के सहायक सूचना निदेशक डॉ. सुरेंद्र नाथ पाल ने बताया कि विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और शासन की उपलब्धियों को अब अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यह चैनल आमजन और शासन के बीच संवाद को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।









